खरगेड के चौण्डा-पालीगाड-मुरचौण्डा सड़क का मामला, ग्रामीणों का श्रमदान दूसरे दिन भी जारी

खरगेड के चौण्डा-पालीगाड-मुरचौण्डा सड़क का मामला, ग्रामीणों का श्रमदान दूसरे दिन भी जारी

रुद्रप्रयाग / नवक्रान्ति समाचार

खरगेड – चौण्डा, पालीगाड, मुरचौण्डा रोड़ का निर्माण — दूसरे दिन भी ग्रामीणों और उत्तराखंड क्रांति दल का श्रमदान जारी, शासन-प्रशासन अब भी मौन
खरगेड गाँव के चौण्डा, पालीगाड, मुरचौण्डा रोड़ की वर्षों से लंबित लगभग 2 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया स्वयं का सड़क काटने का कार्य आज दूसरे दिन भी पूरे जोश और संकल्प के साथ जारी रहा।
दूसरे दिन भी उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में डटे रहे। दल के *केन्द्रीय महामंत्री अर्जुन कण्डारी, जिला संरक्षक श्री सूरत सिंह, जिला महामंत्री अजीत सिंह, जिला प्रचार मंत्री प्रदीप बिष्ट, ब्लॉक संगठन मंत्री मान्वेंद्र रावत, प्रवीण चौधरी, अशोक चौधरी, दिनेश कठैत ने ग्रामीणों के साथ मिलकर श्रमदान किया और सड़क काटने का कार्य आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर खरगेड ग्राम प्रधान अजय पुण्डीर, क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश राणा ग्रामीण जशोधर सेमवाल व समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे। मातृ शक्ति ने दूसरे दिन भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ श्रमदान में भाग लिया। दूसरे दिन और अधिक ग्रामीणों के जुड़ने से सड़क निर्माण को और मजबूती मिली है।
केन्द्रीय महामंत्री अर्जुन कण्डारी ने कहा कि दो दिन से जनता अपने हाथों से सड़क काट रही है, लेकिन शासन-प्रशासन अभी तक मौके पर नहीं पहुँचा। यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है, जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक यह श्रमदान और संघर्ष जारी रहेगा।